डेस्क न्यूज़
06 July, 2026
अन्य
भोपाल/शिवपुरी। मध्यप्रदेश के औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र के लिए 5 जुलाई का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवपुरी जिले में 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का शिलान्यास किया। इस अत्याधुनिक परियोजना के शुरू होने के बाद मध्यप्रदेश देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान हासिल करेगा। यहां आधुनिक तकनीक से मिसाइल और रक्षा उपकरणों का निर्माण किया जाएगा, जिससे देश की सैन्य ताकत को नई मजबूती मिलेगी। इस परियोजना से लगभग 5 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।
शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी समूह के निदेशक करण अदाणी और जीत अदाणी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 211 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चंबल की धरती सदियों से वीरों और देशभक्तों की भूमि रही है। यहां के जवानों ने हमेशा देश की सीमाओं की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अब यही धरती देश की सुरक्षा के लिए आधुनिक मिसाइलों का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि शिवपुरी से बनने वाली लंबी दूरी की मिसाइलें भारत की रक्षा शक्ति को नई ऊंचाई देंगी और दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम होंगी। उन्होंने इसे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि आज राज्य के इतिहास में रक्षा उत्पादन का नया अध्याय शुरू हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल रक्षा उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास का भी आधार बनेगी। इससे स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में गुना में सीमेंट फैक्ट्री का शुभारंभ हुआ है और अब शिवपुरी में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित होने से पूरा ग्वालियर-चंबल अंचल औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिवपुरी जिले के लिए कई महत्वपूर्ण विकास घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि शिवपुरी को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से 14 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट स्थापित होगी, खोड में नया कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय खोला जाएगा, शिवपुरी में नई तहसील सुभाषपुरा बनाई जाएगी तथा पिछोर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना होगी। इसके अलावा करेगा-भितरवार मार्ग से समोहा डैम तक सड़क निर्माण, खनियाधाना में कृषि उपज मंडी, खतौरा में सांदीपनि विद्यालय और शिवपुरी में 200 बिस्तरों वाला आधुनिक मातृ एवं शिशु अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिव की नगरी शिवपुरी में आज राष्ट्र निर्माण का नया इतिहास लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और शिवपुरी की यह परियोजना उसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है और यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगी।
अदाणी समूह के युवा नेतृत्व जीत अदाणी ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाली यह यूनिट अत्याधुनिक "मिशन रेडी" मिसाइलों और रक्षा उपकरणों के निर्माण का प्रमुख केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि समूह का यह निवेश केवल उद्योग स्थापित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मध्यप्रदेश के युवाओं, रोजगार और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।
रक्षा क्षेत्र में यह निवेश मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रगति के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से प्रदेश में रोजगार, निवेश, तकनीकी विकास और स्थानीय उद्योगों को भी नई गति मिलेगी। साथ ही शिवपुरी देश के प्रमुख डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरकर सामने आएगा।