डेस्क न्यूज़
06 July, 2026
अन्य
नीमच। मऊ-नसीराबाद रोड स्थित ग्राम पंचायत जमुनिया कला के वार्ड क्रमांक-1 उदय नगर कॉलोनी में रहने वाले लोग मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर पंचायत ने "आपका हार्दिक अभिनंदन" का बोर्ड तो लगा दिया है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आती है। फूटी पेयजल पाइपलाइन, कीचड़ से भरे रास्ते, सीसी रोड और स्ट्रीट लाइट का अभाव तथा खुले गड्ढों ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार पिछले एक महीने से पेयजल पाइपलाइन फूटी हुई है, जिससे लगातार पानी बह रहा है। पूरे क्षेत्र में कीचड़ और गंदगी फैल गई है। लोगों का कहना है कि पीने के पानी की भी समस्या बनी हुई है। बरसात के कारण हालात और खराब हो गए हैं। छोटे-छोटे बच्चों को रोज कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे हादसों और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कॉलोनी में आज तक सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया। सभी रास्ते कच्चे हैं और बारिश में पूरी तरह दलदल में बदल जाते हैं। वहीं, स्ट्रीट लाइट नहीं होने से शाम ढलते ही पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब जाता है। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रहवासियों ने सामुदायिक भवन निर्माण कार्य में भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भवन निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढों को बिना सुरक्षा व्यवस्था के खुला छोड़ दिया गया है। इन गड्ढों के आसपास कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बच्चे इन्हीं गड्ढों के पास खेलते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार सरपंच सुमन विनोद जायसवाल को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
कॉलोनीवासियों ने जिला कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मांग की है कि फूटी पाइपलाइन को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, सीसी रोड और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए तथा खुले गड्ढों को सुरक्षित तरीके से बंद कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।