ताजासमाचार

नीमच सिटी पोस्ट ऑफिस बंद करने के निर्णय पर जनता का विरोध, विधायक और पार्षद पहुंचे मौके पर

डेस्क न्यूज 07 June, 2025 अन्य

नीमच। नीमच सिटी स्थित पुराने पोस्ट ऑफिस को छावनी में शिफ्ट किए जाने के निर्णय के विरोध में शनिवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने जमकर विरोध जताया।

जैस ही यह सूचना मिली की नीमच सिटी स्थित उप डाक घर के कार्यालय पर ताला जड़ कर नीमच शहर में स्थाननतरित किया जा रहा है सैकड़ों लोग पोस्ट ऑफिस के बाहर एकत्रित हो गए।

मौके पर क्षेत्रीय पार्षद दारा सिंह यादव, पूर्व पार्षद विजय बाफना, विधायक दिलीप सिंह परिहार और अन्य प्रबुद्ध नागरिक भी पहुंचे तथा अधिकारियों से चर्चा कर सिटी पोस्ट ऑफिस शाखा को बंद ना करने और वर्तमान स्थान पर ही संचालित किए जाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, प्रधान डाकघर छावनी के अधिकारियों द्वारा नीमच सिटी पोस्ट ऑफिस को छावनी में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही थी। इसके तहत कुछ सामान व सामग्री पहले ही शिफ्ट की जा चुकी थी, जबकि शेष सामग्री शनिवार को स्थानांतरित की जानी थी। जैसे ही यह सूचना क्षेत्र में फैली, पार्षदों और नागरिकों ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध शुरू किया। सूचना पर विधायक दिलीप सिंह परिहार भी मौके पर पहुंचे।  

पार्षद दारा सिंह यादव और पूर्व पार्षद विजय बाफना ने बताया कि नीमच सिटी की आबादी 25,000 से अधिक है और यहां वर्षों पुराना पोस्ट ऑफिस संचालित हो रहा है। इस पोस्ट ऑफिस में 10,000 से अधिक खाताधारक हैं, जो आसपास के क्षेत्रों जैसे रावण रुंडी, रावत खेड़ा, चौथ खेड़ा, इंदिरा नगर, भगवानपुर आदि से जुड़े हुए हैं। पोस्ट ऑफिस के छावनी शिफ्ट होने की स्थिति में नागरिकों को 3 से 4 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे उन्हें भारी असुविधा होगी। नेताओं ने यह भी सुझाव दिया कि यदि वर्तमान स्थान पर जगह की कमी है तो नजदीकी शासकीय भवन में पोस्ट ऑफिस को स्थानांतरित कर दिया जाए, न कि छावनी क्षेत्र में।

सूचना पर विधायक परिहार भी मौके पर पहुचे और बाद में उन्होंने इस मामले में उच्च अधिकारियों और सांसद को अवगत कराया। जनता की मांग है कि वर्षों पुरानी इस सुविधा को सिटी क्षेत्र में ही बनाए रखा जाए।

Related Post