ताजासमाचार

चक्कर खाकर जलते कचरे में गिरा युवक, संदिग्ध हालात में मौत

डेस्क न्यूज 04 June, 2025 दुर्घटना

नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चल्दू में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में धनगर समाज के 38 वर्षीय युवक ईश्वर पुत्र सत्यनारायण धनगर की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ईश्वर अपने पशुओं को चराने के दौरान देवरा परिसर में पड़े कचरे को जला रहा था । इस दौरान उसे अचानक चक्कर आ गया और वो जलते हुए कचरे में गिर पड़ा। घटना के बाद परिजनों को सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और ईश्वर को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय लेकर गए, जहां चिकित्सको ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जीरन पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। हालांकि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चक्कर खाकर आग में गिरने से ईश्वर की मृत्यु हुई है।

परिजनों का मानना है कि ईश्वर को हार्ट अटैक आया था, जिसके चलते वे संतुलन खो बैठे और आग की चपेट में आ गए। इस दुखद घटना से ग्राम चल्दू में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और समाज के लोगों ने मृतक के परिवार को सांत्वना दी। 

मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post