डेस्क न्यूज
03 June, 2025
अन्य
नीमच। जिले के ग्राम लखमी के निवासी जगदीश पिता नारायण गायरी ने विद्युत विभाग और एक ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके और अन्य ग्रामीणों के मकानों के ऊपर से 11000 केवी की विद्युत लाइन बेहद करीब से गुजर रही है, जिससे जान का खतरा बना हुआ है और छतों का उपयोग करना जोखिमभरा हो गया है।
जगदीश ने बताया कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार से इस लाइन को आबादी क्षेत्र से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टा ठेकेदार द्वारा एक लाख पचास हजार रुपये की अवैध राशि मांगने का आरोप लगाया गया है।
इस मामले को लेकर जगदीश ने आज कलेक्टर के नाम एक आवेदन सौंपा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बिजली लाइन नहीं हटाई गई और कोई हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार की होगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और बिजली लाइन को जल्द से जल्द आबादी क्षेत्र से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।