ताजासमाचार

मनासा नगर परिषद की दुकान नीलामी प्रक्रिया पर उठे सवाल, कांग्रेस पार्षदों ने की कलेक्टर से शिकायत

डेस्क न्यूज 02 June, 2025 अन्य

मनासा। नगर परिषद मनासा द्वारा रानी लक्ष्मीबाई मार्ग पर निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स की दुकानों की नीलामी को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। ब्लॉक काँग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र श्याम सोनी, कांग्रेस पार्षद सत्यनारायण लक्षकार और बाबूलाल कुशवाहा ने नगर परिषद मनासा द्वारा निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स की दुकानों की नीलामी को लेकर जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को लिखित शिकायत सौंपी है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर परिषद ने कुल 12 दुकानों में से 4 दुकानों की ऑनलाइन नीलामी की प्रक्रिया शुरू की है और यह निलामी बगैर किसी आरक्षण के की जा रही है। जो पूरी तरह से नियमों के खिलाफ है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह नीलामी मध्यप्रदेश नगर पालिका (चल-अचल संपत्ति अंतरण) नियम 1916 के विपरीत है।

नियमों के अनुसार नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता, आरक्षण व्यवस्था तथा नगर परिषद की बैठक में प्रस्ताव पारित होना आवश्यक है, लेकिन इन सभी प्रक्रियाओं को दरकिनार कर मनमाने ढंग से नीलामी की जा रही है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि जब कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य अभी प्रथम मंजिल तक 50% ही पूर्ण हुआ है, तो अधूरे कॉम्प्लेक्स में से 4 दुकानों की नीलामी क्यों की जा रही है?

आरोप है की शेष 8 दुकानों के बारे में कोई स्पष्टता नहीं है। इससे नगर में चर्चाओं का माहौल गर्म है कि क्या यह पूरा मामला 'सेटिंग' और 'भ्रष्टाचार' का है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि इस संपूर्ण नीलामी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और नीलामी से पहले नगर परिषद की बैठक में विधिवत प्रस्ताव पारित किया जाए।

साथ ही नियमानुसार आरक्षण लागू कर सभी दुकानों की नीलामी पारदर्शी तरीके से की जाए, ताकि नगर की जनता का प्रशासन पर विश्वास बना रहे। शिकायत में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि प्रशासन द्वारा इस मामले में शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया, तो कांग्रेस जन आंदोलन करने को मजबूर होगी।

Related Post