डेस्क न्यूज़
02 June, 2026
अन्य
नीमच। सिंगोली में मकान की छत गिरने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत के मामले में जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायता राशि स्वीकृत करने का प्रकरण तैयार किया जा रहा है।
द वॉचमैन पोस्ट से चर्चा में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बताया कि सिंगोली में छत गिरने की घटना सामने आई है। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को सहायता के रूप में 4-4 लाख रुपये, अर्थात कुल 8 लाख रुपये तथा क्षतिग्रस्त मकान के लिए 1 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत करने का प्रकरण तैयार किया जा रहा है। इस प्रकार पीड़ित परिवार को कुल 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बताया कि हादसे में प्रभावित परिवार को अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ क्यों नहीं मिल पाया, इसकी भी जांच करवाई जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सिंगोली में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मां-बेटे की असामयिक मौत से नगर में शोक का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन की त्वरित पहल से पीड़ित परिवार को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।