ताजासमाचार

भीषण गर्मी में बेजुबानों की प्यास बुझा रही गौ सेवा समिति, 18 दिनों से लगातार चला रही सेवा अभियान

डेस्क न्यूज़ 27 May, 2026 अन्य

नीमच। भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच जहां इंसान भी पानी के लिए परेशान हैं, वहीं बेजुबान गौवंश और अन्य पशुओं के सामने प्यास का संकट और गहरा हो गया है। ऐसे कठिन समय में शहर की गौ सेवा समिति मानवता और सेवा का अनूठा उदाहरण पेश कर रही है। समिति पिछले 18 दिनों से लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बेजुबान पशुओं की प्यास बुझाने का पुण्य कार्य कर रही है।

समिति द्वारा शहर के 35 से अधिक स्थानों पर रखी गई पानी की टंकियों में प्रतिदिन करीब 4 हजार लीटर पानी भरा जा रहा है। कई जगहों पर स्थिति इतनी गंभीर है कि टंकियां जल्दी खाली हो जाती हैं और दिन में दूसरी बार भी पानी पहुंचाना पड़ता है।

शहरवासियों के अनुसार कई स्थानों पर गौवंश पानी के वाहन का इंतजार करते नजर आते हैं। जैसे ही टंकियों में पानी भरा जाता है, बेजुबान पशु तुरंत वहां पहुंच जाते हैं। यह भावुक कर देने वाला दृश्य लोगों को मानवता और सेवा का संदेश दे रहा है।

इस सेवा कार्य को मितेश अहीर, पार्थ जोशी एवं समिति के अन्य सदस्य निस्वार्थ भाव से लगातार अंजाम दे रहे हैं। भीषण गर्मी में प्रतिदिन पानी की व्यवस्था करना आसान नहीं है। पानी, वाहन, डीजल और अन्य व्यवस्थाओं में लगातार आर्थिक खर्च बढ़ रहा है। कई बार समिति के सामने आर्थिक संकट की स्थिति भी खड़ी हो जाती है, लेकिन इसके बावजूद सेवा कार्य बिना रुके जारी है।

गौ सेवा समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस पुण्य कार्य में सहयोग करें और दान के माध्यम से बेजुबान जीवों की सेवा में सहभागी बनें। समिति का कहना है कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का सबसे बड़ा उदाहरण है। यदि समाज का हर व्यक्ति थोड़ा-थोड़ा सहयोग करे तो गर्मी के दिनों में कोई भी बेजुबान प्यासा नहीं रहेगा।
 

Related Post