ताजासमाचार

पुलिस पर गोलियां चलाकर भाग रहे तस्कर गिरफ्तार… क्रेटा कार से 252 किलो डोडाचूरा और पिस्टल बरामद

डेस्क न्यूज़ 27 May, 2026 अन्य

मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश कर रहे अंतर्राज्यीय डोडाचूरा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 252 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस सहित लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को नारायणगढ़ पुलिस की टीम बरखेड़ा विरपुरिया फंटा सगस बावजी मंदिर के पास नारायणगढ़-पिपलिया मंडी रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पिपलिया मंडी की ओर से आ रही एक हुंडई क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए भागने लगा। कुछ दूरी पर कार यात्री प्रतीक्षालय की दीवार से टकराकर असंतुलित हो गई और फिर एक पेड़ से जा भिड़ी।

हादसे के बाद कार में सवार दोनों आरोपी भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से चार राउंड फायर किए। हालांकि पुलिस टीम ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में राजूराम पिता प्रभुराम विश्नोई उम्र 31 वर्ष निवासी बड़ा बाडवी थाना बागोड़ा जिला जालोर राजस्थान तथा सुरज पिता मंगलाराम विश्नोई उम्र 19 वर्ष निवासी सेवड़ा थाना चितलवाना जिला सांचौर राजस्थान शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों की हुंडई क्रेटा कार क्रमांक MP 04 KR 1543 से 12 प्लास्टिक कट्टों में भरा कुल 252 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 5 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं आरोपी सुरज के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा राउंड और एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया।

इसके अलावा पुलिस ने क्रेटा कार, दो एंड्रॉयड मोबाइल, अलग-अलग नंबर प्लेटें और जियो कंपनी का डोंगल सहित कुल लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना नारायणगढ़ में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत और नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।
 

Related Post