ताजासमाचार

घर में घुसकर तलवार से हमला… संपत्ति विवाद में नीमच में खूनखराबा, पीड़ित परिवार दहशत में

डेस्क न्यूज़ 26 May, 2026 अन्य

नीमच। शहर के स्कीम नंबर 10 क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया, जब एक परिवार के घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं और पूरा परिवार दहशत में है।

पीड़ित विनोद यादव के अनुसार घटना करीब सात दिन पहले की है। उस समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान पुराने विवाद के चलते रमेशचंद्र यादव, दीपक यादव, राज यादव, मुकेश यादव, गोलू उर्फ रोहित, देव यादव, मोनिका, जितेंद्र, नेहा और बाबू सहित अन्य लोग एकजुट होकर जबरन उनके घर में घुस आए।

आरोप है कि सभी आरोपी तलवार, चाकू, लोहे की रॉड और लट्ठ जैसे हथियारों से लैस थे। घर में घुसते ही उन्होंने हमला कर दिया। इस दौरान उनके पुत्र सुदांशु यादव पर तलवार से वार किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और पांच से छह टांके लगाने पड़े। वहीं उनकी पुत्री हर्षिता यादव भी हमले में घायल हो गई। दोनों का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।

विनोद यादव का कहना है कि घटना के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंच गए, जिससे स्थिति और ज्यादा बिगड़ने से बच गई। उनका दावा है कि अगर समय रहते हालात नहीं संभलते, तो घटना और गंभीर हो सकती थी।

पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मामले में केवल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के ठिकानों की जानकारी पुलिस को देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच मकान और संपत्ति को लेकर पुराना विवाद चल रहा है, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है और अब हिंसक रूप ले चुका है।

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचकर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

Related Post