ताजासमाचार

नीमच में निराश्रित श्वानों के लिए नि:शुल्क रेबीज टीकाकरण अभियान जल्द शुरू होगा

डेस्क न्यूज़ 26 May, 2026 अन्य

नीमच। शहर में निराश्रित श्वानों को रेबीज से मुक्त करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से जल्द ही नि:शुल्क रेबीज टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश की पशुप्रेमी संस्था सरामा फाउंडेशन इस अभियान की तैयारी कर रही है। अभियान को सफल बनाने के लिए संस्था ने नीमच की सामाजिक संस्था रचना फाउंडेशन से सहयोग मांगा है।

जानकारी के अनुसार सरामा फाउंडेशन हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कई शहरों में भी इसी प्रकार के अभियान संचालित कर रही है। अब नीमच शहर में निराश्रित श्वानों को रेबीज निरोधक टीके लगाए जाएंगे, ताकि लोगों में रेबीज को लेकर फैले भय को कम किया जा सके और श्वानों को सुरक्षित बनाया जा सके।

संस्था ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने मोहल्लों और कॉलोनियों में रहने वाले निराश्रित श्वानों की संख्या की जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे टीकाकरण अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सके। संस्था को उम्मीद है कि नगर के नागरिकों के साथ-साथ संबंधित विभाग भी इस जनहित कार्य में सहयोग करेंगे।

अक्सर देखा जाता है कि श्वानों को भोजन कराने वाले लोगों को विरोध और नाराजगी का सामना करना पड़ता है, क्योंकि लोगों में कुत्तों के काटने से रेबीज फैलने का डर बना रहता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए यह अभियान शुरू किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य शहर के अधिक से अधिक निराश्रित श्वानों को टीका लगाकर रेबीज के खतरे को कम करना है।

विनीता प्रदीप ने बताया कि संस्था हिमाचल प्रदेश में अपना स्वयं का पशु आश्रय गृह संचालित करती है। इस आश्रय गृह में श्वान, गाय, बछड़े, खच्चर, बिल्ली और मुर्गों सहित लगभग 215 जीवों की देखभाल की जा रही है। विभिन्न स्थानों से बचाए गए इन जीवों का उपचार कर उन्हें आश्रय गृह में रखा गया है।

अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में विनीता प्रदीप, संध्या नायर, स्वीटी खंडेलवाल, अलका चोपड़ा, नीता दुआ, कीर्ति श्रीवास्तव, सरोज छाबड़ा और बानो पठान सहित कई सदस्याएं उपस्थित रहीं। बैठक में अभियान के दौरान आने वाली चुनौतियों और जनसहयोग से इसे सफल बनाने पर चर्चा की गई।

Related Post