ताजासमाचार

हजरत चाँदशाह वली बाबा का 51वां सद्भावना उर्स सम्पन्न, सूफियाना कलामों से सजी मेहफिल-ए-शमा

डेस्क न्यूज 25 May, 2026 अन्य

नीमच। हजरत चाँदशाह वली बाबा र.अ. तामीर कमेटी, कौमी एकता महू रोड नीमच द्वारा आयोजित चार दिवसीय 51वां सद्भावना उर्स कुल की रस्म के साथ सम्पन्न हो गया। उर्स में बड़ी संख्या में जायरीन शामिल हुए और बाबा साहब के आस्ताने पर चादर, फूल, इत्र और लोबान पेश कर अमन-चैन एवं खुशहाली की दुआ मांगी।

तामीर कमेटी के सदर बबलू भाई ने बताया कि स्वर्गीय गजानंद शर्मा एडवोकेट (गुरु) एवं सूफी कय्यूम भाई टांडे वाले की प्रेरणा से आयोजित इस उर्स में देशभर से आए कव्वालों और सूफी संतों ने शिरकत की।

उर्स के दौरान गुरुवार रात मेहफिल-ए-शमा का आयोजन हुआ, जिसमें उस्ताद अनवर साबरी रूबरूयार फेम फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश), समीर असलम साबरी चित्तौड़गढ़ तथा नीमच के उभरते फनकार अकसद-अकहस हसनैन बफाती कव्वाल एंड पार्टी ने शानदार सूफियाना कलाम पेश किए।

“मुझे क्या खबर कहां मेरी मंजिल, मुझे तेरा इश्क यहां खींच लाया…”, “राहे खुदा सर कटाया हुसैन ने…” और “सल्ले अल्लाह या मोहम्मद…” जैसे कलामों ने देर रात तक समां बांधे रखा। कव्वाली सुनने बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और श्रद्धालु सूफियाना रंग में झूमते नजर आए।

उर्स में नीमच, मंदसौर, जावरा, रतलाम, इंदौर, निंबाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर सहित कई शहरों से जायरीन पहुंचे। आयोजन के दौरान प्रतिदिन लंगर की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।

कार्यक्रम में सदर बबलू भाई, उपाध्यक्ष मजीत भाई मुल्तानी, संगतसिंह गौत्रा, हासम भाई, कल्लू भाई वकील, अजीज कव्वाल, फय्यूम भाई, पंकज बाबा, हाजी बब्बू भाई बघाना, फिरोज पठान सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे। वहीं बाहर से आए सूफी संतों और मेहमानों का सम्मान भी किया गया।
 

Related Post