डेस्क न्यूज़
25 May, 2026
अन्य
नीमच। रीवा में जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में साध्वी की मृत्यु के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। मंगलवार को पारसनाथ दिगंबर जैन समाज नीमच के तत्वावधान में सकल जैन समाज ने संतों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशाल वाहन रैली निकालते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
मुनि वैराग्य सागर जी महाराज एवं मुनि सुप्रभ सागर जी महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। दिगंबर जैन समाज के मीडिया प्रभारी अमन विनायका ने बताया कि सुबह 11 बजे समाजजन फोर जीरो विद्युत केंद्र के पास एकत्रित हुए, जहां से वाहन रैली प्रारंभ हुई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची, जहां जिला कलेक्टर के नाम तहसीलदार संजय मालवीय को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में जैन साधु-संतों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने, राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति बनाने तथा रीवा में आर्यिका माताजी दुर्घटना प्रकरण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। समाजजनों ने कहा कि 20 मई को रीवा जिला मुख्यालय में कलेक्ट्रेट भवन के सामने राष्ट्र संत आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की शिष्या आर्यिका श्री 105 श्रुतमति माताजी एवं आर्यिका श्री 105 उपशममति माताजी के साथ हुई घटना ने पूरे जैन समाज को गहरे दुःख और आक्रोश में डाल दिया है।
ज्ञापन का वाचन दिगंबर जैन समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विमल सरावगी ने किया। इस दौरान संतोष चोपड़ा, ओसवाल लोढ़ा समाज अध्यक्ष पारस नागोरी, राजमल छाजेड़, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप, जीनागम, सीनियर सिटीजन ग्रुप के पदाधिकारी एवं सदस्य, मुनि पैदल विहार संघ सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष समाजजन उपस्थित रहे।
समाजजनों ने शासन और प्रशासन से मांग की कि देशभर में विहाररत साधु-संतों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।