ताजासमाचार

अघोषित बिजली कटौती पर भड़के किसान नेता राजकुमार अहीर, जावद SDM को सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी

डेस्क न्यूज़ 25 May, 2026 अन्य

जावद। नीमच जिले सहित जावद क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर अब लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। किसान नेता एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राजकुमार अहीर ने सोमवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जावद अंचल सहित पूरे जिले में आए दिन अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। कई स्थानों पर “लोड सेटिंग” के नाम पर ट्रांसफार्मर बंद किए जा रहे हैं, जिससे घंटों तक घरों की बिजली गुल रहती है। भीषण गर्मी के बीच आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राजकुमार अहीर ने कहा कि इस समय तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रहते हैं, लेकिन बिजली नहीं होने से हालात और बदतर हो रहे हैं। वहीं बाहर निकलने पर भी तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग छोटे बकायों पर उपभोक्ताओं की बिजली काट देता है, लेकिन अब समय पर बिल जमा करने वाले लोगों को भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिजली कटौती के कारण पेयजल संकट गहराने लगा है और कई लोगों को पीने तक का पानी नहीं मिल रहा। किसान नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो किसानों और उपभोक्ताओं के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि हालात नहीं सुधरे तो बिजली विभाग के अधिकारियों के कार्यालयों और आवासों की बिजली बंद करने जैसे आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं।

ज्ञापन की प्रतिलिपि अधीक्षण यंत्री म.प्र. विद्युत मंडल नीमच एवं डिविजनल इंजीनियर जावद को भी भेजी गई है।

Related Post