डेस्क न्यूज़
25 May, 2026
अन्य
नीमच। गंगा दशहरा के अवसर पर नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गांधी वाटिका स्थित पारसी बावड़ी पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ शहरवासियों को पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में जलकल सभापति छाया वीरेंद्र जायसवाल की उपस्थिति में नगरपालिका के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने पार्क और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की।
अभियान की शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की प्रतिमाओं को नमन कर की गई। इसके बाद सभी ने हाथों में झाड़ू लेकर पार्क परिसर की सफाई की और स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
इस दौरान पारसी बावड़ी स्थित कुएं का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान कुएं की मरम्मत और आवश्यक कार्य शीघ्र करवाने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में कन्हैयालाल शर्मा, टेकचंद बुनकर, दिनेश टांक, सुरेश पवार, नाथूलाल नागर, मोहम्मद सलीम तथा बापूसिंह सहित नगर पालिका की विभिन्न शाखाओं के कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर पालिका द्वारा चलाए गए इस अभियान के माध्यम से शहरवासियों को जल संरक्षण, स्वच्छता और सार्वजनिक स्थलों की देखरेख के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।