डेस्क न्यूज़
25 May, 2026
अन्य
नीमच। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जिले में “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत जल स्रोत सेवा समागम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवांकुर संस्था सुरेश लोक शिक्षण समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों में जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर जल बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जल स्रोत पूजन से हुई, जहां लोगों को जल के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद स्वच्छता अभियान चलाकर जल स्रोतों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। आयोजन में भजन संध्या और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता जल संकट चिंता का विषय है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन चुका है। ग्रामीणों से वर्षा जल संचयन, जल का सीमित उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने की अपील की गई। कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को सराहते हुए उनका सम्मान भी किया गया।
इस अवसर पर रामसिंह यादव, नितिन यादव, शशि परिहार, मीनू त्रिपाठी, राजेंद्र सिंह चौहान, वीरेंद्र सिंह चौहान तथा लीलाबाई माली सहित कई ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से गांव-गांव तक जल संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।