ताजासमाचार

भीषण गर्मी में रेलवे स्टेशन पर श्री नवकार सेवा संस्थान की शीतल जल सेवा, यात्रियों को मिली राहत

डेस्क न्यूज़ 24 May, 2026 अन्य

नीमच। मई माह की भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच श्री नवकार सेवा संस्थान द्वारा रेलवे स्टेशन पर शीतल जल सेवा का आयोजन किया गया। सेवा कार्य की शुरुआत 27 नवकार मंत्र के सामूहिक जाप के साथ हुई।

संस्थान की बहनों ने सेवा भाव से रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों को ठंडा और स्वच्छ जल पिलाकर मानवता और सेवा का प्रेरणादायी संदेश दिया। गर्मी से परेशान यात्रियों के लिए यह जल सेवा बड़ी राहत साबित हुई। यात्रियों ने भी संस्थान के इस सेवा कार्य की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान की सदस्याओं ने पूरे उत्साह, समर्पण और अनुशासन के साथ यात्रियों की सेवा की। वहीं रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन जल सेवा में सहयोग देने वाले महानुभावों का माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत और सम्मान भी किया गया।

संस्थान का उद्देश्य केवल प्यासे लोगों को पानी पिलाना ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवता की भावना को मजबूत करना भी रहा।

कार्यक्रम में प्रियंका मोगरा, रेखा गांधी, कला वीरवाल, शिमला फाफरिया, अध्यक्ष माया वीरवाल एवं सचिव भावना चौधरी सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। अंत में सचिव भावना चौधरी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Post