कपिलसिंह चौहान
29 May, 2025
अपराध
The Watchman Post: नीमच। हो जाइए खबरदार, होशियार! अगर आप हैं खुले में मदिरापान के तलबगार।
ओपन-एयर-बार में लगभग तब्दील हो चुके नीमच में अचानक आबकारी विभाग जाग उठा और उन ढाबों और रेस्टोरेंट्स पर छापेमार कारवाई की गई जहां बगैर लाइसेंस लोगों को खुले में शराब परोसी या पिलाई जाती है। बीते कई वर्षों से शहर व शहर की सीमा से लगे ढाबों व रेस्टोरेंट में टेबल पर शराब पीना आम है। ना आबकारी विभाग कार्यवाही करता है और ना ही पुलिस। अचानक आबकारी विभाग ने अपनी तंद्रा तोड़ी और पुलिस की मदद से ढाबों-रेस्टोरेंट की औचक तलाशी ली साथ ही तीन संचालको पर प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की गई ।
नशे में धुत्त लोग भी आबकारी अमले से चौकन्ने निकले, टेबल छोड़ हुए फरार
बताया जा रहा है की बस स्टैंड के पीछे स्थित बिग बॉस जायका हांडी ढाबे पर छापा मारा गया तो टेबल-कुर्सियों पर नशे में शराब पीते लोग भी आबकारी विभाग से ज्यादा चौकन्ने निकले। शराब के नशे में भी लोग अमले को चकमा दे गए और पुलिस को देख टेबलें छोड़ फरार होने में कामयाब रहे। अमले को मौके से शराब की खाली बोतलें और ग्लास बरामद हुए। ढाबा संचालक राजेश चावला पर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
यहाँ भी हुई कारवाई
बुधवार को उक्त कार्यवाही कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी एन.पी.सिंह की निगरानी एवं एडीईओ बी.एल. सिंगड़ा के मार्गदर्शन में की गई। आबकारी उप निरीक्षक संजय कुमार कवारे के नेतृत्व में गठित दल ने इसके बाद छावनी रोड स्थित होटल अशोका पर दबिश दी, जहां काउंटर से 12 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद हुई। होटल मालिक अशोक अहीर के विरुद्ध मामला कायम किया गया। वहीं मनासा रोड के लाजवाब ढाबे पर भी ग्राहक बैठाकर शराब परोसने की पुष्टि हुई। वहां एक बोतल में आधी शराब मिलने पर संचालक मनीष भास्कर पर कार्रवाई हुई। इसके अतिरिक्त महू रोड स्थित पेंटर का ढाबा, राजाजी ढाबा व लावेला ढाबा पर तलाशी ली गई परंतु कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
कार्रवाई में आबकारी आरक्षक गोपाल शर्मा, विष्णु यादव, महेश गेहलोत, बलवंत भाटी व हंसराज बिलावल का विशेष योगदान रहा। कार्रवाई में कुल तीन प्रकरण म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 36 के तहत दर्ज किए गए।
दर्जनों और ठिकानों पर कारवाई की जरूरत
हालांकी शहर में दर्जनों ऐसे ढाबे और रेस्टोरेंट और हैं जहां पर खुलेआम टेबलों पर शराब पी जाती है और कारवाई की आवश्यकता है। उम्मीद है शुरुआत हुई है तो कार्यवाही जारी रहेगी। जिला आबकारी अधिकारी एनपी सिंह ने भी बताया कि इस तरह की छापेमार कार्यवाही अब लगातार जारी रहेगी ।
यह भी पढ़ें - नीमच में सिम कार्ड बना अपराध का नया हथियार! पुलिस ने कसी नकेल — अब गलती नहीं, गुनाह मानी जाएगी लापरवाही!