डेस्क न्यूज़
23 May, 2026
अन्य
नीमच। जावद बस स्टैंड पर शनिवार को प्रशासन का बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। लंबे समय से बस स्टैंड क्षेत्र में फैले अस्थायी अतिक्रमणों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए धुंआधार कार्रवाई की। बुलडोजर चलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, टीआई, पटवारी सहित भारी पुलिस बल और पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन ने दुकानदारों द्वारा किए गए अस्थायी कब्जों को हटाते हुए सड़क और बस स्टैंड क्षेत्र को खाली कराया।
बताया जा रहा है कि प्रशासन ने पहले ही दुकानदारों को एक दिन का समय देकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। वहीं कुछ दिन पहले एसपी राजेश व्यास जावद के दौरे के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी बस स्टैंड क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई थी। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर उतार दिया।
जैसे-जैसे बुलडोजर आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे अवैध कब्जे धड़ाधड़ हटते गए। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से बस स्टैंड क्षेत्र में वर्षों से फैली अव्यवस्था पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।