डेस्क न्यूज़
18 May, 2026
अन्य
नीमच। जिले की मनासा तहसील अंतर्गत ग्राम खजूरी की एक महिला ने गांव के कुछ लोगों छेड़छाड़, मारपीट, अभद्रता और लूट जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और शिकायत को मामूली विवाद बताकर कार्रवाई सीमित कर दी।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि गांव की खाली भूमि पर लेट्रिन-बाथरूम बना हुआ है, जहां उसकी पुश्तैनी भूमि भी स्थित है। वहीं उसके द्वारा शौचालय का निर्माण कराया गया है। महिला के अनुसार 16 मई 2026 की सुबह करीब 5:15 बजे वह शौचालय में साफ-सफाई एवं पानी भरने गई थी।
आरोप है कि उसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आवेदन में जिन लोगों के नाम दर्ज हैं उनमें शिवनारायण, फूलचंद, विनोद, मनोहर, राकेश, राहुल, सुरेश एवं मनोष शामिल हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की, महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी उग्र हो गए और गंदी-गंदी गालियां देते हुए शौचालय में रखा सामान फेंकना शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने बर्तन तोड़े और महिला के साथ मारपीट भी की।
पीड़िता ने आवेदन में बताया कि जब उसने अपने पति को बुलाने की बात कही तो आरोपियों ने कहा कि “जा बुला ले, वह भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाएगा।” इसके बाद महिला ने अपने पति चैनराम मेघवाल को पूरी घटना की जानकारी दी। चैनराम ने गांव के सरपंच सुरेश कुमार सालवी को भी फोन कर घटना की जानकारी दी, लेकिन कथित तौर पर उन्होंने तत्काल आने से मना कर दिया।
आवेदन के अनुसार जब महिला का पति मौके पर पहुंचा और आरोपियों से पूछताछ करने लगा, तभी आरोपियों ने महिला को पकड़ लिया और उसके साथ अभद्र हरकतें शुरू कर दीं।
महिला के अनुसार आरोपियों ने उसके पति की जेब में रखे 30 हजार रुपए भी छीन लिए। आवेदन में दावा किया गया है कि यह राशि आवास योजना के लिए रखी गई थी। काफी मशक्कत के बाद उसका पति उसे वहां से सुरक्षित निकालकर ले गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। महिला का आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता के अनुसार थाने में रिपोर्ट दर्ज करते समय गंभीर आरोपों को मामूली गाली-गलौज और हाथापाई का रूप दे दिया गया। साथ ही 30 हजार रुपए छीने जाने की जगह रिपोर्ट में केवल 3 हजार रुपए लिखे गए।
पीड़िता ने एसपी से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप के प्रयास, मारपीट, लूट और धमकी सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाए। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आर्थिक नुकसान की भरपाई कराने की मांग भी की गई है।