ताजासमाचार

बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का हल्लाबोल, पेट्रोल पंप पर किया जोरदार प्रदर्शन

डेस्क न्यूज़ 17 May, 2026 अन्य

नीमच। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में  महिला कांग्रेस ने रविवार को शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा सांभर और जिला प्रभारी यासमीन शेरानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने गांधी भवन से रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई विजय टॉकीज चौराहा पहुंची और वहां से दशहरा मैदान के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचकर प्रदर्शन में बदल गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल और गैस के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा और कीमतें कम करने की मांग उठाई।

महिला कांग्रेस जिला प्रभारी यासमीन शेरानी ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक तरफ राहत देने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम बढ़ाकर लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।

उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है। रसोई गैस, घरेलू सामान और ईंधन की बढ़ती कीमतों ने घर का बजट बिगाड़ दिया है। सरकार महिलाओं के हितों की बात तो करती है, लेकिन महंगाई कम करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।

यासमीन शेरानी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम कम नहीं किए गए तो महिला कांग्रेस प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, हिदायतुल्ला खान, नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति, सेवादल जिला अध्यक्ष गजेंद्र यादव, विनोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता और कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Related Post