ताजासमाचार

नीमच में नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का विशाल मशाल जुलूस, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

डेस्क न्यूज़ 17 May, 2026 अन्य

नीमच। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार शाम शहर में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र संगठन और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

यह मशाल जुलूस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर आयोजित किया गया। जुलूस शाम करीब 8 बजे शहर के 40 चौराहा से शुरू हुआ। हाथों में मशाल और तख्तियां लिए कार्यकर्ता नया बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः 40 चौराहा पहुंचे। इस दौरान “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो”, “नीट घोटाले की जांच करो” और “दोषियों को सजा दो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

जुलूस के समापन पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक होना देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण लाखों विद्यार्थियों की मेहनत और भविष्य खतरे में पड़ गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ हुए इस अन्याय के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की गई।

Related Post