डेस्क न्यूज़
15 May, 2026
अन्य
नीमच। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर प्रशासन अब सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुकड़ेश्वर और रामपुरा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान एक नमकीन फैक्ट्री में भारी अनियमितताएं मिलने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को शटडाउन करा दिया।
निरीक्षण के दौरान मनासा-रामपुरा रोड स्थित मैसर्स श्री साईं कृपा नमकीन, कुकड़ेश्वर में अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में बिना वैध खाद्य पंजीयन के नमकीन निर्माण, पैकिंग, भंडारण और विक्रय किया जाना पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि पैक किए गए नमकीन पैकेटों पर पैकिंग दिनांक, बैच नंबर और लाइसेंस नंबर जैसी जरूरी जानकारी अंकित नहीं थी।
खाद्य सुरक्षा टीम को लेबलिंग में भी गड़बड़ी मिली। पैकेट पर निर्माता का पता जूनी भदाना, तहसील मनासा दर्शाया गया था, जबकि निर्माण कार्य कुकड़ेश्वर में संचालित किया जा रहा था। इसे गंभीर नियम उल्लंघन मानते हुए टीम ने मौके पर ही उत्पादन और बिक्री बंद करवा दी।
कार्रवाई के दौरान बजरंग नमकीन स्पेशल सेव, श्रद्धा रतलामी सेव, श्री साईं कृपा नमकीन खट्टा-मीठा मिक्सर, रतलाम सेव बारीक सहित पामोलिन ऑयल, अजवाइन, काली मिर्च, लौंग, मिर्च पाउडर, बेसन और मटर आटा समेत कुल 11 नमूने जांच के लिए लिए गए। मौके से करीब 1385 किलोग्राम नमकीन जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत संबंधित संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है। मामले को अपर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इसी दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामपुरा स्थित सांवलिया दुग्ध डेरी का भी निरीक्षण किया, जहां से पनीर, मिश्रित दूध, दही और घी के कुल 4 नमूने जांच के लिए लिए गए।
यह पूरी कार्रवाई नायब तहसीलदार कुकड़ेश्वर नवीन छत्रोले एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत शर्मा की टीम द्वारा की गई।