डेस्क न्यूज़
15 May, 2026
अन्य
नीमच \खोर। दि आदित्य विद्या पब्लिक स्कूल, खोर ने सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में शानदार सफलता हासिल करते हुए शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम दर्ज किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया और विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अभिभावकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
विद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार विज्ञान संकाय में 16 तथा वाणिज्य संकाय में 21 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। विज्ञान संकाय में सृष्टि मलिक ने 92.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वाणिज्य संकाय में अदिति पुनिया ने 95.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया।
विद्यालय में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में अदिति पुनिया ने 95.40 प्रतिशत, तानिषा गोयल ने 94.00 प्रतिशत, दर्शिल पाटीदार ने 93.00 प्रतिशत, सृष्टि मलिक ने 92.60 प्रतिशत, वंशिका राणावत ने 92.00 प्रतिशत तथा शैफाली राव ने 90.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।
विषयवार प्रदर्शन की बात करें तो अंग्रेजी विषय में अदिति पुनिया ने सर्वाधिक 98 अंक प्राप्त किए। गणित विषय में वंशिका राणावत ने 90 अंक हासिल किए। भौतिक विज्ञान में सृष्टि मलिक, सुहानी काबरा एवं नरेंद्र सानी ने 79 अंक प्राप्त किए। रसायन विज्ञान में सुहानी काबरा एवं देवांश गुर्जर ने 92 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जीव विज्ञान विषय में शौर्य गोस्वामी ने 95 अंक अर्जित किए। आई.पी. (कंप्यूटर) विषय में युवराजसिंह ने 97 अंक प्राप्त किए, जबकि फिजिकल एजुकेशन में तानिषा बोनीवाल ने 96 अंक हासिल किए। ए.आई. विषय में सृष्टि मलिक ने शत-प्रतिशत प्रदर्शन करते हुए 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय की प्राचार्या प्रियदर्शिनी चौहान ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के निरंतर प्रयास, शिक्षकों की मेहनत तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने का प्रयास जारी रहेगा।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से यूनिट हेड आभास मिश्रा (विक्रम सीमेंट वर्क्स) एवं अनंत शर्मा (एच.आर., विक्रम सीमेंट वर्क्स) ने भी विद्यालय की प्राचार्या, समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को इस शानदार सफलता पर बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन का प्रमाण है।