डेस्क न्यूज़
14 May, 2026
अन्य
नीमच। शहर के दशहरा मैदान क्षेत्र में रविवार रात जूस पीने गए एक दंपत्ति के साथ दुकानदार द्वारा मारपीट और गाली-गलौज का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली से रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए इस विवाद में दुकानदार ने ग्राहक पर कांच की बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कीम नंबर 09 निवासी गौरव पिता मदनलाल शर्मा जो अफीम फैक्ट्री में मजदूरी करता है, रविवार रात करीब 11:30 बजे अपनी पत्नी के साथ दशहरा मैदान स्थित 'गोपाल फास्ट फूड व जूस' की दुकान पर जूस पीने गया था। जूस पीने के बाद जब पीड़ित ने दुकानदार को 500 रुपये का नोट दिया, तो दुकानदार ने खुले पैसे न होने की बात कही और बाकी रुपये अगले दिन ले जाने को कहा।
गाली-गलौज और जानलेवा हमला
जब पीड़ित ने खुले पैसे लाकर देने की बात कही, तो इसी बात पर दुकानदार तैश में आ गया। आरोप है कि दुकानदार ने पीड़ित के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मां-बहन की गालियां देना शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि दुकानदार ने दुकान पर रखी शरबत की कांच की बोतल उठाकर ग्राहक के सिर पर (बाईं आंख के ऊपर) दे मारी, जिससे उसे गंभीर चोट आई।
जान से मारने की धमकी और पुलिस कार्यवाही
पीड़ित का आरोप है कि जब वह वहां से जाने लगा, तो दुकानदार ने उसे दोबारा दुकान पर आने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। घटना के समय रात अधिक होने के कारण पीड़ित सोमवार को अपनी पत्नी के साथ थाने पहुँचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।