डेस्क न्यूज़
13 May, 2026
अन्य
नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं अपर कलेक्टर बी. एस. कलेश के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मनासा रोड स्थित तिरुपति फैमिली रेस्टोरेंट में भारी गंदगी और अनियमितताएं मिलने पर सख्त कार्रवाई की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश प्रसाद ने बताया कि निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में रोटी, सब्जी, दाल सहित अन्य खाद्य सामग्री तैयार और संग्रहित की जाती मिली। रसोईघर की दीवारें अत्यधिक गंदी पाई गईं, वहीं शीतक में भी खाद्य पदार्थ अस्वच्छ तरीके से रखे हुए मिले। इतना ही नहीं, रसोईघर के फर्श पर बने हाथ धोने के स्थान के भीतर ही ग्रेवी बनाने की मशीन संचालित होती मिली।
खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके से घी, दही, प्याज ग्रेवी, मिश्रित दूध, लस्सी, छाछ, पनीर, जीरा-अजवाइन, बेसन और तिल्ली सहित कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए। सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि परिसर में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार रसोईघर संचालित नहीं किया जा रहा था। इसके चलते खाद्य पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर खाद्य सामग्री के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।
वहीं होटल श्री गणेश रतन महाराज का ढाबा के विरुद्ध बिना खाद्य पंजीयन व्यवसाय संचालित करने पर अपर कलेक्टर न्यायालय नीमच में प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग के अनुसार बिना पंजीयन व्यवसाय करने पर दो लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और औचक निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यह कार्रवाई तहसीलदार संजय मालवीय एवं खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा की गई।