ताजासमाचार

SP राजेश व्यास का मिडनाइट एक्शन : थाने में एंट्री लेते ही बदला माहौल, मौके पर दिए आदेश, अब एसपी का आया बयान

डेस्क न्यूज़ 13 May, 2026 अन्य

नीमच। आधी रात का सन्नाटा... थाने में रोजमर्रा का कामकाज चल रहा था... तभी अचानक पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास की गाड़ी जीरन थाने के बाहर आकर रुकी। जैसे ही कप्तान अंदर पहुंचे, पूरे थाने में हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के चेहरे बदल गए और माहौल पूरी तरह सतर्क हो उठा।

निरीक्षण के दौरान थाने में एक फरियादी अपनी शिकायत लेकर बैठा था। एसपी राजेश व्यास सीधे उसके पास पहुंचे, पूरी बात सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दे दिए। फरियादी के सामने ही पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय होती देख हर कोई चौकन्ना नजर आया।

एसपी ने केवल औपचारिकता नहीं निभाई, बल्कि थाने के हर हिस्से की गहन जांच की। मालखाना, बंदी गृह, रिकॉर्ड रूम और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। दस्तावेजों और व्यवस्थाओं में जहां कमी नजर आई, वहां तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए।
कप्तान ने जीरन क्षेत्र के रात्रि गश्त पॉइंट्स पर भी पहुंचकर पुलिस जवानों की मुस्तैदी देखी। उन्होंने साफ किया कि रात के समय जनता की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस निरीक्षण के बाद राजेश व्यास ने चर्चा में बताया कि उन्होंने रात करीब 12 बजे जीरन थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान थाने की व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड और सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई। साथ ही रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम को भी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

एसपी राजेश व्यास के इस औचक निरीक्षण ने पूरे जिले के पुलिस महकमे को सख्त संदेश दे दिया है—फरियादी की सुनवाई में देरी और ड्यूटी में लापरवाही अब भारी पड़ सकती है। कप्तान के इस अचानक एक्शन के बाद जिले के अन्य थानों में भी सतर्कता बढ़ गई है।

Related Post