डेस्क न्यूज़
11 May, 2026
अन्य
मंदसौर | सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने वालों पर मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गरोठ थाना पुलिस ने बंदूक लहराते हुए वीडियो वायरल करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देशी कट्टा, जिंदा राउंड, दो एयरगन और बिना नंबर की स्कॉर्पियो वाहन जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध हथियारों के प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरिल, SDOP विजय कुमार यादव और थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जानकारी के अनुसार, 9 मई 2026 को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर खड़ावदा शराब दुकान के सामने कुछ युवकों द्वारा बंदूक लहराकर रील बनाने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर सेमरोली गांव के कच्चे रास्ते पर नारायणी रोड पर नाकाबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान कमल सिंह निवासी कुंडला खुर्द थाना शामगढ़, विनोद निवासी बारामासी थाना गरोठ और बालू उर्फ बालमुकुंद निवासी बरखेड़ा उदा थाना शामगढ़ के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, दो जिंदा राउंड, दो एयरगन और बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो जब्त की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।