डेस्क न्यूज़
10 May, 2026
अन्य
जावद। नगर की हुसैनी मस्जिद खानकाह ए कादरिया में आबरुए अहले सुन्नत, गुले गुलजारे कादरियत हजरत अल्लामा मौलाना अल्हाज सैयद मोहम्मद आकिल अख्तरुल कादरी साहब रहमतुल्लाह अलैह का चौथा उर्स बड़े ही अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। दो दिवसीय उर्स में मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में मुरीदों और अकीदतमंदों ने शिरकत की।
उर्स की शुरुआत 8 मई को कपासन से निकाले गए आलम शरीफ के जलसे से हुई, जो विभिन्न शहरों से होते हुए जावद पहुंचा। अगले दिन अलम शरीफ और चादर का जुलूस मौमिन मोहल्ला एवं खुर्रा चौक से नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ नीमच दरवाजा स्थित हुसैनी मस्जिद पहुंचा, जहां चादर पेश कर रस्मे अदा की गई। पूरे मार्ग में अकीदतमंदों का हुजूम उमड़ पड़ा और माहौल “या गौस पाक” के नारों से गूंज उठा।
रात्रि में महफिल-ए-मिलाद का आयोजन हुआ, जिसमें देशभर से आए उलेमाओं और नातख्वानों ने कलाम पेश कर समा बांध दिया। तकरीरों के माध्यम से इस्लामी संस्कृति, अमन और भाईचारे का पैगाम दिया गया। देर रात 3:30 बजे गुस्ल शरीफ की रस्म अदा की गई।
अगले दिन कुरआन ख्वानी और फातिहा ख्वानी का आयोजन किया गया, जिसके बाद कुल की रस्म अदा कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी गई। आयोजन में कपासन, जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान सहित कई स्थानों से आए मुरीद शामिल हुए।
उर्स के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जावद पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम ने आयोजन स्थल और जुलूस मार्ग पर व्यवस्थाएं संभाली। आयोजन समिति ने पुलिस प्रशासन, नगर पालिका एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।