डेस्क न्यूज़
09 May, 2026
अन्य
नीमच। आरोग्य भारती जिला नीमच द्वारा ग्राम निपानिया अंबामाता स्थित आरोग्य धाम में तीन दिवसीय गुरु सानिध्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर संत श्री सुरेशानंद सरस्वती जी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में आयुर्वेद और आध्यात्मिक ज्ञान आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर में आरोग्य भारती मालवा प्रांत अध्यक्ष डॉ. विष्णु सेन कछावा ने आरोग्य भारती की स्थापना से लेकर वर्तमान तक संचालित विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रातःकाल जागरण से लेकर रात्रि विश्राम तक की दिनचर्या में योग, व्यायाम, ध्यान, अनुशासन और संतुलित आहार को शामिल करना आवश्यक है।
डॉ. कछावा ने सुपोषण आहार में सूर्य के सात रंगों से मिलती-जुलती खाद्य सामग्री को शामिल करने की बात कही और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने रसोई घर में उपयोग होने वाले हल्दी, कालीमिर्च, दालचीनी और तेजपत्ता जैसे मसालों के औषधीय गुणों की जानकारी देते हुए पैक मसालों की बजाय खड़े मसालों के उपयोग की अपील की।
शिविर में विद्यालय स्वास्थ्य कार्यक्रम, वनौषधि संरक्षण, किशोर स्वास्थ्य, गर्भ संस्कार, व्यसन मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। भारत में बढ़ती मधुमेह की समस्या को लेकर योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली को जरूरी बताया गया।
शिविर में देशभर के विभिन्न राज्यों से आयुर्वेद अध्ययनरत शिक्षार्थी भाग ले रहे हैं। यहां औषधीय निर्माण, आयुर्वेदिक उपचार पद्धति, गंध चिकित्सा, ध्वनि चिकित्सा और स्वस्थ दिनचर्या पर व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण शिविर 10 मई तक संचालित रहेगा।