डेस्क न्यूज
07 May, 2026
राजनीति
नीमच। बेटियों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में भारत विकास परिषद् शाखा-नीमच द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। परिषद् द्वारा 8 से 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए तीन दिवसीय निःशुल्क आत्मरक्षा एवं खेलकूद प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 8 मई से किया जा रहा है।
मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी, अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल, महिला प्रमुख सुनीता चौधरी एवं शिविर संयोजिका मीना जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर 8 मई से 10 मई तक सीएसवी अग्रोहा भवन, गोमाबाई नेत्रालय मार्ग के सामने आयोजित होगा। शिविर में भाग लेने के लिए 131 बालिकाओं का पंजीयन हो चुका है और केवल पंजीकृत प्रतिभागी ही प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगी।
विशेष बात यह है कि शिविर में उज्जैन की विशेषज्ञ आत्मरक्षा प्रशिक्षिका पूजा चित्तौड़ा बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाएंगी। प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा, मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास बढ़ाने से जुड़ी तकनीकों का अभ्यास कराया जाएगा।
शिविर को दो सत्रों में विभाजित किया गया है। प्रातःकालीन सत्र सुबह 9 बजे से 11 बजे तक एवं सायंकालीन सत्र दोपहर 4 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा। दोनों सत्रों में प्रतिभागियों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
शिविर का शुभारंभ 8 मई शुक्रवार को सुबह 9 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया जाएगा। परिषद् पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान समय में बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी बन चुका है।