ताजासमाचार

रतनगढ़ पुलिस का अलर्ट : किरायेदार और घरेलू नौकरों की जानकारी देना अनिवार्य, 5 दिन में सूचना नहीं दी तो होगी कार्रवाई

डेस्क न्यूज़ 01 May, 2026 अन्य

नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाया है। थाना रतनगढ़ द्वारा जारी “आमजन से अपील” में स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र के सभी मकान मालिक, दुकानदार और नागरिक अपने यहां रह रहे किरायेदारों एवं घरेलू नौकरों की जानकारी पुलिस को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।

जारी सूचना के अनुसार कस्बा रतनगढ़, डिकेन, जाट सहित थाना क्षेत्र की चौकियों में आने वाले सभी नागरिकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 5 दिनों के भीतर अपने किरायेदार और घरेलू नौकरों की पूरी जानकारी थाना रतनगढ़, चौकी जाट या चौकी डिकेन में दर्ज कराएं।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि तय समयसीमा में जानकारी नहीं दी गई तो संबंधित मकान मालिक, किरायेदार एवं घरेलू नौकरों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित व्यक्ति की होगी।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह कदम क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों और अपराधों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Related Post