ताजासमाचार

पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला : 8-10 बदमाशों ने घेरकर किया हमला, हालत गंभीर

डेस्क न्यूज़ 01 May, 2026 अन्य

नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव चौकी इलाके में शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जावद रोड स्थित एक मांगलिक भवन परिसर में 8 से 10 आरोपियों ने मिलकर युवक को घेर लिया और लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल नयागांव अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घायल तुलसीराम पिता नंदराम खारोल (36), निवासी गांधी कॉलोनी नयागांव ने बताया कि वह एक कार्यक्रम में भोजन करने गया था। जैसे ही वह बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे चेतन, अमित, विजय, अंकित, मदनलाल, प्रकाश, दिनेश, राजेश और मुकेश खटीक सहित अन्य लोगों ने उसे घेरकर हमला कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही थी। नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद से ही वे उससे नाराज थे और लगातार धमकियां दे रहे थे। पहले भी कई बार उस पर हमले हो चुके हैं, जिसकी शिकायत उसने पुलिस में दर्ज करवाई थी।

घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। फिलहाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Post