ताजासमाचार

नीमच में घर-घर गूंजा गायत्री मंत्र : बुद्ध पूर्णिमा पर हुआ “गृहे-गृहे गायत्री महायज्ञ”

डेस्क न्यूज़ 01 May, 2026 अन्य

नीमच। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा शांतिकुंज के मार्गदर्शन में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर 1 मई को राष्ट्रव्यापी “गृहे-गृहे गायत्री महायज्ञ” अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान जिलेभर में घर-घर गायत्री महामंत्र की गूंज सुनाई दी और श्रद्धालु परिवारों ने यज्ञ के माध्यम से आहुतियां समर्पित कर आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया।

जिला समन्वयक गिरिराज सिंह चौहान ने बताया कि नीमच सहित ग्वालटोली, भोलियावास, मालखेड़ा, जावद, अठाना, मनासा, रामपुरा, जीरन, सिंगोली समेत कई क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर यज्ञ संपन्न करवाए। बड़ी संख्या में परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने घरों को यज्ञस्थली में परिवर्तित कर दिया।

अभियान की सफलता के लिए पूर्व में ही कर्मकांड प्रशिक्षण, यज्ञ सामग्री किट और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। समयदानी परिजनों ने विधिपूर्वक यज्ञ कराते हुए “विचार क्रांति” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया और विश्व शांति, पर्यावरण शुद्धि एवं मानव कल्याण की कामना की।

इस अभियान में आधुनिक तकनीक का भी उपयोग देखने को मिला। ऑनलाइन यज्ञ, यूट्यूब और कर्मकांड एप के माध्यम से भी श्रद्धालुओं ने अपने घरों में यज्ञ संपन्न किया।

यह राष्ट्रव्यापी आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सकारात्मकता और संस्कारों के प्रसार का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा।

Related Post