डेस्क न्यूज़
01 May, 2026
अन्य
नीमच। शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नगर पालिका नीमच के वाहन बेड़े में 8 नए वाहन शामिल किए गए हैं। इनका लोकार्पण पुरानी नगर पालिका स्थित बंगला नंबर 60 परिसर में विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।
कार्यक्रम से पहले सभी नए वाहनों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस नए बेड़े में 5 इलेक्ट्रॉनिक कचरा संग्रहण वाहन और 3 ट्रैक्टर शामिल हैं, जो शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष रंजना सिंह परमार, नगर मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष चोपड़ा, वाहन शाखा सभापति कुसुम जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्षद मौजूद रहे। साथ ही नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए लगातार संसाधनों में बढ़ोतरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में फायर ब्रिगेड सहित अन्य आवश्यक वाहन भी खरीदे गए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन नए वाहनों के शामिल होने से शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार आएगा और नीमच स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन कर सकेगा। साथ ही नागरिकों से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की गई।