ताजासमाचार

नीमच में गुरु गोरखनाथ प्रकटोत्सव धूमधाम से संपन्न, भक्ति और उल्लास से गूंजा शहर

डेस्क न्यूज़ 01 May, 2026 अन्य

नीमच। नाथ संप्रदाय के आराध्य गुरु गोरखनाथ जी महाराज के प्रकटोत्सव पर आयोजित दो दिवसीय धार्मिक आयोजन शुक्रवार को भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। योगीराज राजगुरु नाथ समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में शहर सहित आसपास क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार रात श्री किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में गुरुदेव की आरती से हुआ। इसके बाद संत-महंतों द्वारा निर्गुण भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। रातभर चले इस भक्ति कार्यक्रम में श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।

शुक्रवार सुबह 6:30 बजे गुरु गोरखनाथ जी की विशेष आरती के बाद भव्य शोभायात्रा और कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा खाटू श्याम मंदिर से प्रारंभ होकर घंटाघर, बारादरी, फव्वारा चौक और कमल चौक होते हुए पुनः श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची।

शोभायात्रा के दौरान “जय गुरु गोरखनाथ” के जयकारों से शहर गूंज उठा। भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालुओं ने आयोजन को जीवंत बना दिया। मंदिर पहुंचने पर महाआरती संपन्न हुई और संत-महात्माओं का स्वागत-सत्कार किया गया।

इस अवसर पर समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को संतों के हाथों सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं में उत्साह का संचार हुआ। आयोजन के अंत में महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य सनातन संस्कृति को मजबूत करना, समाज में एकता और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है।

Related Post