डेस्क न्यूज़
30 April, 2026
अन्य
नीमच | शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह यात्री बसों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर रफ्तार ने एक बेगुनाह की जान ले ली। मामला नीमच सिटी थाना क्षेत्र के भरभड़िया रोड स्थित दर्जी कुई के पास का है, जहां तेज गति से दौड़ती एक यात्री बस ने बाइक सवार 63 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अहमद हुसैन कुरैशी पिता मोहम्मद उमर कुरैशी, निवासी छीपा मोहल्ला जावद, किसी काम से नीमच आ रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही सैय्यद बस (एमपी 14 एमएन 0446) के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। वहीं आसपास मौजूद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल को तुरंत श्रीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाकर शव परीक्षण करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद शहर में निजी यात्री बसों की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है। लंबे समय से तेज गति, नियमों की अनदेखी और फिटनेस जांच में ढिलाई की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई के अभाव में ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं।
विडंबना यह है कि एक ओर सड़क सुरक्षा के लिए राहवीर योजना जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बस संचालकों की लापरवाही इन प्रयासों को कमजोर कर रही है।