डेस्क न्यूज़
29 April, 2026
अन्य
नीमच। जिले के ठिकरिया डेम क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के कथित अपहरण का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पीड़ित पिता ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना 20 अप्रैल की रात करीब 11 बजे की है। जोरावरपुरा निवासी पिंटू नामक युवक पर आरोप है कि वह बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद बालिका के पिता खुमानसिंह बंजारा ने थाना नीमच सिटी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन करीब 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब परिजनों ने आरोप लगाया कि बालिका को छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। परिवार का कहना है कि आरोपियों द्वारा लगातार फोन कर न केवल पैसे की मांग की जा रही है, बल्कि जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से आरोपियों ने अपने ही घर में आग लगाकर झोपड़ी जलाने की घटना को अंजाम दिया। इस घटनाक्रम से इलाके में दहशत फैल गई है और परिजन बेहद भयभीत हैं।
परिवार ने आशंका जताई है कि इस पूरे मामले में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, बालिका को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन समय बीतने के साथ परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।