डेस्क न्यूज़
28 April, 2026
अन्य
नीमच | जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से नीमच पुलिस द्वारा 27/28 अप्रैल की दरम्यानी रात्रि में व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की जांच, होटल/लॉज/ढाबों की चेकिंग, महिला संबंधी अपराधों के आदतन आरोपियों की निगरानी सहित विभिन्न बिंदुओं पर प्रभावी कार्यवाही की गई।
कॉम्बिंग गश्त के अंतर्गत कुल 12 स्थानों पर संयुक्त चेकिंग की गई, जिसमें 200 से अधिक वाहनों की जांच करते हुए 53 वाहनों के चालान बनाए गए तथा ₹21,400 का समन शुल्क वसूल किया गया। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 124 वारंट तामील कराए गए, जिनमें 45 स्थायी वारंट एवं 79 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। यह सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। वारंट तामीली के अंतर्गत मादक पदार्थ तस्करी के 2, शरीर संबंधी अपराधों के 51 तथा संपत्ति संबंधी अपराधों के 17 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त 127 निगरानी बदमाशों एवं 1 जिला बदर की रात्रि में जांच की गई। अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु 66 होटल, लॉज एवं ढाबों की चेकिंग की गई। आबकारी अधिनियम के तहत 14 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 67 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जबकि सट्टा अधिनियम के अंतर्गत 7 प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस द्वारा 63 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई तथा शस्त्र अधिनियम के तहत 1 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 प्रकरण दर्ज कर 261 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया गया। महिला संबंधी अपराधों के 5 आदतन आरोपियों की भी जांच कर उनकी गतिविधियों की जानकारी एकत्रित की गई।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेंगी।