न्यूज डेस्क
24 May, 2025
अन्य
नीमच। जिले की जीरन तहसील के ग्राम उगरान में 20-25 परिवारों की जान खतरे में है। उनके घरों के ठीक ऊपर से उच्च क्षमता वाली हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है, जिससे ग्रामीण लगातार जानमाल के नुकसान की आशंका में जी रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई न होने पर अब ग्रामीण एकजुट हो गए हैं और विरोध स्वरूप नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
जान के खतरे के बेबस ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि उनके मकान वर्षों पुराने हैं। पहले ये कच्चे थे, जिन्हें ग्रामीणों ने अपनी मेहनत-मजदूरी से पक्का बनवाया है। हालांकि, इन पक्के मकानों के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन विद्युत लाइन हर वक्त जनहानि का खतरा पैदा करती है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब तेज हवा और बारिश के बीच घर के भीतर रहना ही जोखिम से भरा होता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे पहले भी बहुत नुकसान भुगत चुके हैं। छत पर जाने से भी डर लगता है कि कहीं उन्हें या उनके बच्चों के साथ कोई अनहोनी न हो जाए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार विद्युत मंडल से इस लाइन को आबादी क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
विद्युत मंडल का मनमाना रवैया, अतिक्रमण बताकर थमा दिए नोटिस
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत मंडल विभाग ने उनकी समस्या का समाधान करने के बजाय, उनके पुराने और वैध मकानों को ही अतिक्रमण बताकर उन्हें सूचना पत्र जारी कर दिया है जो की पूरी तरह निराधार है, क्योंकि वे कई वर्षों से इन स्थानों पर रह रहे हैं और उनके पास इसके वैध दस्तावेज भी हैं। ग्रामीणों ने विद्युत मंडल के इस मनमाने नोटिस का जवाब भी दे दिया है।

ग्रामीणों की मांग और चेतावनी
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत मंडल से मांग करते हुए विद्युत मंडल द्वारा जारी किया गया सूचना पत्र तत्काल निरस्त किया जाने व मकानों के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन विद्युत लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने इस बार स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया, तो वे इस लाइन को आगे से ही बंद कर देंगे और बड़ा आंदोलन करेंगे। जिसकी समस्त जवाबदारी प्रशासन और विद्युत विभाग की होगी।