डेस्क न्यूज़
26 April, 2026
अन्य
नीमच । जिले में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और तापमान में तेज उछाल को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नीमच जिले के सभी स्कूलों में विशेष व्यवस्था लागू कर दी है।
जारी आदेश के अनुसार, जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, CBSE, ICSE एवं अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
वहीं, कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पूरी तरह बंद नहीं की गई हैं, लेकिन उनकी टाइमिंग में बदलाव किया गया है। अब इन कक्षाओं का संचालन सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही किया जाएगा, ताकि छात्र तेज धूप और लू से बच सकें।
जिला शिक्षा अधिकारी सुजान मल मांगरिया द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी और सभी विद्यालयों को इसका सख्ती से पालन करना होगा।
इसके साथ ही मध्यप्रदेश शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के पूर्व निर्धारित आदेश के अनुसार 1 मई 2026 से 15 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश भी घोषित रहेगा।
गौरतलब है कि इन दिनों जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन का यह निर्णय राहत भरा माना जा रहा है।