डेस्क न्यूज़
18 April, 2026
अन्य
रीवा | रीवा से सामने आए एक कथित वीडियो ने पूरे इलाके की सियासत में हलचल मचा दी है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो पूर्व जनपद उपाध्यक्ष विनोद मिश्रा से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में एक व्यक्ति और एक युवती आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं, जिसके बाद पूरे मामले को हनी ट्रैप एंगल से भी जोड़ा जा रहा है।
इस घटनाक्रम के सामने आते ही मामला तेजी से वायरल हो गया और राजनीतिक गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। मऊगंज से बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल ने बयान देते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति कांग्रेस से जुड़ा रहा है, जबकि कांग्रेस की ओर से पलटवार करते हुए कहा गया कि यह व्यक्ति बीजेपी विधायक का करीबी है। दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर निशाना साध रही हैं, जिससे मामला और अधिक राजनीतिक रंग ले चुका है।
सबसे बड़ी बात यह है कि अभी तक न तो पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है और न ही संबंधित व्यक्ति की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। ऐसे में वीडियो की सच्चाई, उसका समय, परिस्थितियां और इसके पीछे की मंशा क्या है—ये सभी सवाल अभी अनुत्तरित हैं।
सूत्रों के अनुसार, वीडियो रीवा में ही शूट हुआ बताया जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी बाकी है। वहीं युवती की पहचान और उसकी उम्र को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।
अब निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हुई हैं, क्योंकि जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह वास्तव में हनी ट्रैप का मामला है, निजी विवाद है या फिर इसके पीछे कोई साजिश है।
फिलहाल एक वीडियो ने न सिर्फ एक व्यक्ति की छवि पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि सियासत को भी गरमा दिया है। सच क्या है, यह आने वाले समय में जांच के बाद ही सामने आएगा।