द वाॅचमेन पोस्ट
17 April, 2026
अन्य
नीमच। जिले के अठाना स्थित CM राइज स्कूल की छात्रा अरशीन, पिता अख्तर हुसैन नीलगर ने कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में 95 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता दर्ज की है। अरशीन ने 500 में से 478 अंक प्राप्त करते हुए प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अरशीन की इस उपलब्धि में खास बात यह रही कि उसने लगभग सभी विषयों में डिस्टिंक्शन हासिल की। हिंदी में 91, अंग्रेजी में 94, आईटी/आईटीईएस में 96, गणित में 93, विज्ञान में 99 और सामाजिक विज्ञान में 96 अंक प्राप्त कर उसने अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया।
पढ़ाई के साथ-साथ अरशीन ने सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। वह NCC ‘A’ सर्टिफिकेट कोर्स में भी शामिल रही और पर्यावरण शिक्षा व आपदा प्रबंधन में A+ ग्रेड प्राप्त किया। साथ ही राज्य/राष्ट्रीय स्तर के खेलों में भागीदारी पर बोनस अंक भी हासिल किए।
इस शानदार सफलता के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। पिता अख्तर हुसैन और माता शाइना परवीन ने बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अरशीन की यह सफलता न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे अठाना क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई है। सीमित संसाधनों में भी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है—यह अरशीन ने साबित कर दिया है।