ताजासमाचार

नीमच में भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर कांग्रेस का गरिमामय आयोजन, गांधी भवन में गूंजे बाबा साहेब के विचार

डेस्क न्यूज़ 14 April, 2026 अन्य

नीमच। भारत के महान विधिवेत्ता, समाज सुधारक एवं संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में नीमच स्थित गांधी भवन में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब का योगदान केवल आरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने समाज में सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी। उन्होंने वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को उनके अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया और समानता व न्याय की स्थापना के लिए निरंतर प्रयास किए।

इस दौरान यह भी कहा गया कि वर्तमान समय में बाबा साहेब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक और प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, ब्लॉक अध्यक्ष ओम दीवान सहित मोनू लोक्स, बृजेश मित्तल, बृजेश सक्सेना, गजेंद्र यादव, बाबू सलीम, हारून रशीद, महेश वीरवाल और बेबी मेहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ किया गया।

Related Post