ताजासमाचार

पति ने पत्नी और बेटे पर किया कुल्हाड़ी से हमला, महिला की मौत, बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

न्यूज डेस्क 22 May, 2025 अपराध

नीमच। कुकड़ेश्वर में पति द्वारा अपनी पत्नी व बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। जिसमें पत्नी की मौत हो गई और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। आधी रात को पति द्वारा अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया। माँ के चीखने की आवाज से जागा बेटा बीच-बचाव करने आया तो हैवान पिता ने अपने बेटे पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में महिला की गला कटने से दुखद मौत हो गई। बेटे के गले पर भी कुल्हाड़ी के वार से बड़ा घाव हो गया है। उसकी हालत भी गंभीर है। 

इस नृशंस हत्याकांड के बाद गांव में हड़कंप मच गया सूचना मिलते ही कुकड़ेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना बुधवार-गुरूवार की मध्य रात्रि को कड़ीखुर्द गाँव की है। 
थाने से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार-गुरूवार की देर रात जीतेन्द्र बंजारा (40) ने अपनी पत्नी आशाबाई (36) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौत हो गई। आरोपी ने अपने बेटे पर भी वार किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार जारी है।

घटना के बाद आरोपी जीतेन्द्र बंजारा मौके से फरार हो गया। कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी सौरभ शर्मा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची, और मौका पंचनामा बना कर शव को पीएम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां से पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है।

Related Post