ताजासमाचार

नीमच में भारत विकास परिषद ‘सुभाष’ शाखा का भव्य शपथ ग्रहण समारोह, डॉ. अवधेश प्रताप सिंह रहे मुख्य अतिथि

डेस्क न्यूज़ 13 April, 2026 अन्य

नीमच। सेवा, संस्कार और समर्पण के मूल मंत्र को आत्मसात करने वाली संस्था भारत विकास परिषद ‘सुभाष’ शाखा का वार्षिक शपथ ग्रहण समारोह स्थानीय मणिरत्नम रिसॉर्ट में गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राष्ट्रीय ओजस्वी वक्ता गुरुदेव श्री मनोज जी कश्यप की प्रेरणादायी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष ऊर्जा प्रदान की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा माँ भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। समारोह में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा एवं वरिष्ठ समाजसेवी संतोष चोपड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

प्रांतीय सचिव एवं शपथ अधिकारी विनोद काला ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान अध्यक्ष मनीष गर्ग, सचिव प्रमोद मालू, कोषाध्यक्ष अशोक सोनी, महिला प्रमुख संध्या राठी सहित पूरी टीम ने निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्व निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में रीजनल सेवा प्रमुख प्रदीप चोपड़ा, संरक्षक सुनील सिंहल एवं पूर्व अध्यक्ष ललित राठी की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

समारोह को संबोधित करते हुए गुरुदेव श्री मनोज जी कश्यप ने कहा कि “सेवा ही सच्चा धर्म है और राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।” मुख्य अतिथि डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए इसे राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाली संस्था बताया। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने परिषद के सेवा कार्यों को प्रेरणादायक बताया, वहीं नपा अध्यक्ष स्वाती चोपड़ा ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का संचालन संगीता जरौली एवं उमेश शर्मा ने किया, जबकि अंत में सचिव प्रमोद मालू ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं परिषद सदस्य उपस्थित रहे।

Related Post