ताजासमाचार

नीमच में इज्तिमाई निकाह सम्मेलन: 11 जोड़ों ने एक साथ कहा “कुबूल है”, जरूरतमंद बेटियों के लिए बनी मिसाल

डेस्क न्यूज़ 12 April, 2026 अन्य

नीमच। शैख़ सैय्यद पठान वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में तीसरा इज्तिमाई निकाह सम्मेलन रविवार को महावीर नगर रोड स्थित चोपदार गार्डन में भव्य और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर 11 नवदंपति जोड़ों ने एक साथ निकाह कुबूल कर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की, जिससे पूरा पंडाल “कुबूल है” की गूंज से रूहानी माहौल में बदल गया।

यह आयोजन जिला कमेटी के सदर सलीम खान और सम्मेलन कमेटी के सदर हाजी बाबू भाई की सरपरस्ती में सम्पन्न हुआ। खास बात यह रही कि यह पहल जरूरतमंद बेटियों के लिए राहत और सम्मान का माध्यम बनी, जहां कमेटी की ओर से सभी जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंदसौर से पधारे सूफी संत वकीलुउद्दीन मियांजी सरकार ने निकाह को आसान बनाने और सामाजिक सहयोग की अहमियत पर प्रकाश डाला।

सदर सलीम खान ने कहा कि उनका उद्देश्य है कि कोई भी बेटी निकाह से वंचित न रहे और आने वाले समय में इस सम्मेलन को 51 जोड़ों तक विस्तार दिया जाएगा।

मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदर गुलाम रसूल पठान ने इस आयोजन को नीमच-मंदसौर क्षेत्र के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताया।

इस कार्यक्रम में नीमच, मंदसौर, जयपुर, चित्तौड़, निंबाहेड़ा, सिंगोली, मनासा, जावद, रामपुरा और डीकेन सहित कई शहरों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। निकाह की रस्म शहर के उलेमा द्वारा अदा करवाई गई और नवदंपतियों को दुआओं से नवाजा गया।

Related Post