ताजासमाचार

उधर बेटे की सजी अर्थी… इधर मां ने भी तोड़ा दम : नीमच में भयावह सड़क हादसा, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

डेस्क न्यूज़ 12 April, 2026 अन्य

नीमच | नीमच जिले में रविवार को हुआ सड़क हादसा एक हृदय विदारक त्रासदी में बदल गया। जिस घर से बेटे की अंतिम यात्रा की तैयारी हो रही थी… उसी घर में कुछ ही घंटों बाद मां की मौत की खबर पहुंच गई। मां-बेटे की एक साथ मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है और इलाके में गहरा शोक पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि बेटे राजू नायक की मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे, लेकिन जिला अस्पताल में भर्ती उनकी मां सोहन बाई ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है । एक ही हादसे में मां-बेटे की मौत ने इस घटना को और भी दर्दनाक बना दिया।

पूरा घटनाक्रम
रविवार का दिन, खुशियों का माहौल और चेहरे पर मुस्कान थी । ग्राम अड़मालिया निवासी राजेंद्र उर्फ राजू नायक (45 वर्ष) अपनी मां सोहन बाई और मासूम भांजी परी को साथ लेकर मोटरसाइकिल से रावण रुंडी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने निकले थे। लेकिन जैसे ही वे रावतखेड़ा चौराहा पहुंचे, किस्मत ने ऐसा मोड़ लिया जिसने सब कुछ खत्म कर दिया। सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार (MP 13 AL 0950) ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेंद्र नायक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मां सोहन बाई और मासूम परी सड़क पर घायल हालत में तड़पते रह गए। आसपास के लोगों ने तुरंत मदद कर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ।
इधर, घर में बेटे की मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए… लेकिन तभी अस्पताल से एक और दिल तोड़ देने वाली खबर आई—गंभीर रूप से घायल बेटे के गम में डूबी मां सोहन बाई ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है ।


कार चालक की लापरवाही ने ली दो जिंदगियां
हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।
लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक ऐसी लापरवाही लोगों की जान लेती रहेगी? तेज रफ्तार, लापरवाह ड्राइविंग और नियमों की अनदेखी… क्या अब भी जिम्मेदारों पर सख्ती नहीं होगी?

पूरे मामले में नीमच सिटी पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले की जांच जारी है।
 

Related Post