डेस्क न्यूज़
10 April, 2026
अन्य
नीमच | नीमच में सेवा, संस्कार और संगठन की भावना को समर्पित एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। भारत विकास परिषद, मध्य भारत पश्चिम प्रांत की शाखा नीमच द्वारा सत्र 2026-27 के लिए नवगठित कार्यकारिणी का दायित्व ग्रहण समारोह आज 11 अप्रैल, शनिवार को शाम 7:30 बजे सीएसवी अग्रसेन भवन, नीमच में आयोजित किया जाएगा।
इस गरिमामयी समारोह में नए सत्र के लिए चुनी गई कार्यकारिणी विधिवत शपथ लेकर अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू करेगी। नव नियुक्त अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल एवं कोषाध्यक्ष संदीप दरक अपनी पूरी टीम के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे और संगठन को नई दिशा देने का संकल्प लेंगे।
कार्यक्रम को विशेष बनाने के लिए कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति भी रहेगी। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं भाजपा जिला संगठन प्रभारी सुभाष पटेल शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास आयुर्विज्ञान संस्थान, कोटा के अध्यक्ष श्याम शर्मा करेंगे।
वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में नीमच क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, भारत विकास परिषद मध्य भारत पश्चिम प्रांत के अध्यक्ष घनश्याम पोरवाल एवं रीजनल सचिव (संपर्क) प्रदीप चोपड़ा अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। कार्यक्रम में प्रदीप चोपड़ा, जावद द्वारा शपथ अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी।
कार्यक्रम की जानकारी परिषद के मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता मनोज माहेश्वरी द्वारा दी गई। वहीं निवर्तमान अध्यक्ष रवि पोरवाल एवं सचिव पिंटू शर्मा ने सभी सदस्यों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।