द वॉचमेन पोस्ट
10 April, 2026
राजनीति
नीमच। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में जिला महिला कांग्रेस ने गुरुवार को नीमच में जोरदार प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा सांभर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फोर जीरो चौराहे पर नारेबाजी करते हुए असम के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन दोपहर करीब 2 बजे आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुईं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित टिप्पणी को लेकर कड़ा विरोध जताया और इसे अपमानजनक बताया।
जिलाध्यक्ष आशा सांभर ने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देशानुसार यह प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वरिष्ठ और अनुभवी नेता को अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना न केवल व्यक्तिगत टिप्पणी है, बल्कि यह समाज के एक वर्ग की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है और इससे नेताओं की मानसिकता उजागर होती है।
कार्रवाई की मांग तेज
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि संबंधित मुख्यमंत्री से तत्काल इस्तीफा लिया जाए और उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग भी उठाई गई।
ये नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तरूण बाहेती, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल चोरसिया, महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष चेतना लालका, अनीता घनेटवाल, महामंत्री शमीदा मिर्जा, मीना कुरील, सेवादल जिलाध्यक्ष बेबी मेहरा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा अरविंद चौपड़ा, ब्रजेश मित्तल, ब्रजेश सक्सेना, पृथ्वीसिंह वर्मा, मोनू लोढा, ओम दीवान, बबली तंवर, गजेंद्र यादव, हिदायतुल्लाखां, जावेद दुर्रानी, योगेश प्रजापति सहित जावद, मनासा और रतनगढ़ क्षेत्र से भी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।